राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दीपावली, देव दीपावली, छठ व अन्य आगामी पर्व व त्योहार उल्लास और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं।
इन अवसरों पर प्रदेश में सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था चाक-चौबंद की जाए। उन्होंने त्योहारों के मद्देनजर 24 घंटे बिजली की आपूर्ति करने और कानून व्यवस्था से जुड़े शासन से लेकर तहसील व थाना स्तर तक के सभी अधिकारियों व कर्मियों के अवकाश निरस्त करने के निर्देश दिए हैं।