धनंजय प्रताप सिंह, भोपाल। यदि कलेक्टर और एसपी ठान लें, तो जिले में अपराधियों को कौन कहे, बड़े से बड़ा गिरोह भी घुटने टेक देगा, लेकिन इस इच्छा शक्ति की कमी से मध्य प्रदेश की शानदार छवि आए दिन दागदार हो रही है। मुरैना और सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों का मामला जेहन से उतरा भी नहीं, इधर देवास में शराब की अवैध तस्करी रोकने में टीआई दिलीप पुरी को जान गंवानी पड़ी।
जिले की कानून व्यवस्था के लिए कलेक्टर और एसपी सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं और पिछले मामलों में प्रदेश सरकार ने इन पर कार्रवाई भी की, लेकिन यह भी छुपी बात नहीं है कि मंत्री से लेकर विधायक तक जिले से लेकर थाने तक अपनी पसंद से पोस्टिंग का दबाव बनाते हैं।