वैभव श्रीधर, भोपाल। शिवधाम अर्थात उज्जैन से 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर प्रारंभ हुई 79 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान पदयात्रा एक पखवाड़े में 250 किलोमीटर की दूरी तय करके गुना जिले में प्रवेश कर चुकी है। रामधुन-भजन कीर्तन के साथ रामधाम अर्थात अयोध्या की ओर बढ़ती इस पदयात्रा को यूं तो अराजनीतिक बताया गया लेकिन यह राजनीति से अछूती नहीं है। हर जगह वोट चोरी और चढ़ावा चोरी के आरोप दोहराए जाते हैं। यात्रा में 'वोट चोर-चढ़ावा चोर कहां मिलेंगे...' जैसे नारे भी सुना देते हैं। यात्रा के पड़ावों पर केवल स्वागत और अभिनंदन नहीं होता बल्कि नेताओं के भाषण भी राजनीति से ओतप्रोत रहते हैं।