जागरण संवाददाता, चंदौली। नगर के वार्ड नंबर पांच स्थित बंद रेस्टोरेंट में शराब तस्करी का बड़ा खेल चल रहा था। यहां से शराब की खेप तैयार कर बिहार भेजी जा रही थी। मंगलवार को पुलिस ने छापेमारी कर 15 पुरुष और 18 महिलाओं सहित कुल 33 आरोपितों को गिरफ्तार किया। मौके से 520.7 लीटर अवैध शराब, 37,690 रुपये नकद और चार वाहन बरामद किए गए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नामेंद्र कुमार ने बताया कि सकलडीहा तिराहे पर जांच के दौरान बाइक सवार एक व्यक्ति गिर गया, जबकि चालक मौके से भाग निकला। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान बिहार के वैशाली निवासी सुमंत कुमार के रूप में हुई। उसके बैग से अवैध शराब मिली। पूछताछ में उसने बताया कि नगर के बंद रेस्टोरेंट में शराब रखी गई है।