संवादसूत्र, लखीमपुर। गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर अजबापुर चीनी मिल के गेट पर किसान संगठनों का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन समाप्त हो गया। अधिकारियों ने किसानों की मांग पर शासन स्तर पर सात दिन के भीतर फैसला कराने की कोशिश का भरोसा दिया। दूसरे दिन मिल कैंपस में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच वार्ता हुई।
इसमें गन्ना विकास समिति के सचिव गजेंद्र कटियार, मोहम्मदी के एसडीएम राजेश प्रताप सिंह, सीओ अरुण कुमार सिंह और अजबापुर मिल के केन हेड डा. प्रमोद कुमार शामिल हुए। ‘जागो किसान जागो’, भारतीय किसान यूनियन राष्ट्र शक्ति व स्वराज और राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन समेत अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। किसानों ने मांग की कि शासन की ओर से गन्ने का नया मूल्य तय होने तक पुराने मूल्य पर 100 रुपए प्रति क्विंटल बोनस या अग्रिम राशि दी जाए।