जागरण संवाददाता, बांसडीह (बलिया)। बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव में मकान पर कब्जे के विवाद में रिश्वत लेकर मदद करने और दोनों पक्षों से रुपये लेने के आरोप में पुलिस अधीक्षक डा. इरज राजा ने बड़ी कार्रवाई की है।
एसपी ने तत्कालीन थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह और मुख्य आरक्षी माधवानंद सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रकरण में मुख्य आरक्षी का वर्दी में रुपये गिनते हुए कथित वीडियो सामने आने की चर्चा है। हालांकि पुलिस विभाग ने आधिकारिक तौर पर वीडियो की पुष्टि नहीं की है। लगभग 61 हजार रुपये रिश्वत लेने की बात सामने आ रही है लेकिन अभी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।