ठाकुर डीपी आर्य, हापुड़। हापुड़ में कसेरठ बाजार की तंग गलियों में वर्ष 1960 में तांबे के बर्तनों की एक छोटी सी निर्माण इकाई लाला मुसद्दीलाल ने आरंभ की थी। उससे शुरू हुआ हापुड़ का औद्योगिक सफर आज सात समंदर पार तक अपनी धमक बना चुका है।
कभी तांबे और पीतल के बर्तनों की खनक से गूंजने वाला यह बाजार आज तांबे व स्टेनलेस स्टील किचनवेयर के वैश्विक कारोबार की पहचान बन चुका है। पुरानी पीढ़ी के हुनर, मेहनत और कारोबारी दूरदर्शिता ने उद्योग की ऐसी नींव रखी, कि कुछ ही दशकों में यहां बर्तन निर्माण से जुड़ी सैकड़ों इकाइयां स्थापित हो गईं। समय के साथ कारोबार ने करवट ली और तांबे-पीतल की जगह स्टेनलेस स्टील के बर्तनों ने बाजार में अपनी मजबूत जगह बना ली।