जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम मंदिर में विराजमान रामलला की दिनचर्या रविवार से बदल गई। प्रात: पौने चार बजे उनका जागरण कराया गया, तो मंगला आरती साढ़े चार बजे संपन्न हुई। स्नान, श्रृंगार आदि के पश्चात साढ़े छह बजे श्रृंगार आरती हुई, तो सुबह सात बजे से भक्तों को दर्शन शुरू कराया गया। दोपहर में आधे घंटे के बजाय एक घंटे की मध्याह्न बंदी हुई, तो रामलला का विश्राम भी एक घंटे हो गया।
अब प्रतिदिन यही दिनचर्या रहेगी और रात्रि में साढ़े नौ बजे के बजाय रात्रि नौ बजे तक ही भक्तों को दर्शन सुलभ होगा। अब दस बजे के बजाय रात्रि साढ़े नौ बजे शयन आरती के पश्चात रामलला को शयन कराया जाएगा।