जागरण संवाददाता, लखनऊ। त्योहारों की मिठास तब और बढ़ जाती है, जब उसके साथ किसी की मेहनत और आत्मनिर्भरता की खुशबू भी जुड़ जाए। आकांक्षा समिति महिलाओं को इसी दिशा में आगे बढ़ा रही है। रविवार को बटलर पैलेस स्थित मसाला-मठरी केंद्र में काम करने वाली महिलाओं को दीपावली के उपहार बांटे गए।
समिति की अध्यक्ष डॉ. नीलू गोयल ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की। आकांक्षा केंद्र में अब बेसन और आटे के लड्डुओं के साथ बूंदी के लड्डू भी तैयार किए जा रहे हैं। इन उत्पादों की बिक्री से होने वाली आय महिलाओं में बांटी जाती है। समिति का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार देकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।