संवाद सूत्र, हजारीबाग। चरही थाना क्षेत्र में अपहरण की सनसनीखेज घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों के मंसूबों पर जिला पुलिस ने पानी फेर दिया। साउथ तापिन सीसीएल परियोजना में कार्यरत एनईपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर 35 वर्षीय भाष्कर कुमार का अपराधियों ने शनिवार रात करीब 8.30 बजे अपहरण कर लिया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष टीम गठित की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी अनुसंधान के कारण अपहृत मैनेजर को चंद घंटों के भीतर सकुशल मुक्त करा लिया गया। वहीं अपहरण में शामिल सभी पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। यह जानकारी आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।