जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। एक नवंबर से बीएस-6 मानक से कम के पेट्रोल व डीजल वाले दिल्ली से बाहर के पंजीकृत वाहनों को राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश प्रतिबंधित होने के पहले ही दिन सीमाओं पर लोग जाम से जूझे।
दिल्ली से सटी उत्तर प्रदेश व हरियाणा की सीमाओं से प्रवेश के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। मिनटों का सफर तय करने में घंटेभर का समय लगा। शनिवार रात से ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश व हरियाणा पुलिस सीमा पर तैनात हो गई थी। 13 बार्डर पर वाहनों की चेकिंग के बाद ही बीएस-6 वाहनों को दिल्ली में प्रवेश दिया गया।