जागरण संवाददाता, अयोध्या। अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने और विकास की नई गाथा लिखने का प्रयास दीपोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भी दिखाई देगा। दसवें दीपोत्सव पर परंपरा, संस्कृति और विकास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस बार शोभायात्रा पहली बार रामलीला के ‘सोलह शृंगार’ के साथ निकलेगी।
साकेत महाविद्यालय से निकलने वालीं 21 झांकियों के माध्यम से योगी सरकार की उपलब्धियों और रामायण के सातों कांडों को प्रदर्शित किया जाएगा। सूचना विभाग की ओर से उपलब्धियों पर आधारित 14 झांकियां निकाली जाएंगी, जबकि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग रामायण के सातों कांडों पर आधारित झांकियां तैयार कर रहा है।