संवाद सहयोगी, वृंदावन (मथुरा)। मां की ममता का कोई मोल नहीं होता। यह न खून का रिश्ता देखती है और न जन्म का बंधन। वात्सल्य ग्राम में ऐसी ही ममता की अनूठी तस्वीर देखने को मिलती है। यहां मां यशोदा बनकर बच्चों को पाल रहीं महिलाएं भले ही उनकी जन्मदात्री नहीं हैं, लेकिन उनके लिए हर सुख-दुख में ढाल बनकर खड़ी हैं।
बच्चों की मुस्कान में अपनी खुशी तलाशने वाली ये मां यशोदा अब अहोई अष्टमी पर उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखेंगी। रविवार को दिनभर अन्न-जल त्यागकर ये माताएं अपनी संतानों की सलामती की कामना करेंगी।