जागरण संवाददाता, देहरादून। दीपावली पर आतिशबाजी से दून की हवा में कितना प्रदूषण घुलता है और त्योहार के बाद वायु गुणवत्ता सामान्य होने में कितना समय लगता है, इसका पता लगाने के लिए उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एक नवंबर यानी शनिवार से विशेष निगरानी अभियान शुरू करने जा रहा है।
इसके तहत देहरादून समेत ऋषिकेश और टिहरी में हवा की गुणवत्ता की 24 घंटे निगरानी की जाएगी। दीपावली से सात दिन पहले और दीपावली के बाद सात दिन तक यह निगरानी जारी रहेगी। इसके लिए थर्ड पार्टी के रूप में ग्रीन एनवायरो टेक सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और सेंटर फार एनवायरनमेंट एंड फूड टेक्नोलाजी का चयन किया गया है।