राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में हाथियों की आवाजाही के तीन नए कारिडोर सामने आए हैं। दलमा से निकलकर हाथी रांची और लोहरदगा होते हुए गिरिडीह-हजारीबाग के रास्ते दुमका तक जा रहे हैं। इसके अलावा गिरिडीह-बोकारो के रास्ते रामगढ़ तक भी उनका विचरण हो रहा है। सितंबर में मानसून समाप्त होने के बाद जंगलों की सैटेलाइट और डिजिटल तस्वीरों से इन मार्गों की पुष्टि हुई।
लगातार पांचवें साल इन क्षेत्रों में 30 से अधिक हाथियों का झुंड विचरण करता मिला है। वन्यजीव विशेषज्ञ शहजाद आलम के अनुसार, खनन और सड़क निर्माण जैसी गतिविधियों से पारंपरिक कारिडोर में हाथियों की आवाजाही बाधित हुई है। ऐसे में नए रास्ते उनके जीवन की रक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। इन मार्गों पर भोजन की पर्याप्त व्यवस्था भी है।