डिजिटल डेस्क, पटना। लोकआस्था के महापर्व छठ से पूर्व भोजपुरी अभिनेता एवं गायक खेसारी लाल यादव ने परदेस में रह रहे प्रवासियों की घर वापसी का मुद्दा उठाया है।
उन्होंने केंद्र और बिहार सरकार से अपील की है कि त्योहार के अवसर पर अपने घर लौटने वाले कामगारों के लिए विशेष रेल सेवाओं का व्यापक प्रबंध किया जाए, ताकि लोगों को यात्रा में हो रही भारी परेशानियों से निजात मिल सके।
रोजगार के सिलसिले में उत्तर प्रदेश और बिहार से बड़ी संख्या में लोग महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में निवास करते हैं। छठ महापर्व के दौरान इन सभी के लिए घर लौटना एक बेहद कठिन चुनौती बन जाता है।