जागरण संवाददाता, कानपुर। वन विभाग ने दीपावली पर उल्लू की निगरानी को जाल बिछाया है। चार टीमें गठित कर उनके नंबर भी जारी किए है। दीपावली तक पक्षियों के शिकारियों की धर-पकड़ के लिए अभियान चलाकर छापेमारी की जाएगी। उल्लू की खरीद-फरोख्त करने वालों को जेल भेजा जाएगा। यह जानकारी प्रभागीय वन अधिकारी आकांक्षा जैन ने प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि दीपावली पर अंधविश्वास की वजह से उल्लू की जान को खतरा बना रहता है। लोग तंत्र-मंत्र के चक्कर में प़ड़कर इसका अवैध शिकार व व्यापार करते हैं। उल्लू को लुप्त होने की कगार पर पहुंच चुकी प्रजाति के रूप में चिह्नित किया गया है। इसे वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची एक में संरक्षित वन्यजीव के रूप में दर्ज किया गया है। इसका शिकार व व्यापार करने पर एक लाख रुपये के जुर्माने के साथ सजा का प्रविधान है।