जागरण संवाददाता हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कर्मचारियों और प्रशासन के बीच कई दिनों से चल रहा विवाद शनिवार को हिंसक हो गया। कुलपति कार्यालय के बाहर कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट की गई।
आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें जमीन पर गिराकर जमकर पीटा। अचानक हुई घटना से विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा स्वयं घायल कुलसचिव को लेकर कनखल कोतवाली पहुंचीं। पुलिस की मौजूदगी में उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।