जागरण संवाददाता, कौशांबी। बुजुर्ग महिलाओं की नाक से सोने की कील नोचकर लूटपाट करने वाले दो आरोपित शनिवार भोर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिए गए। कौशांबी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की कार्रवाई के दौरान जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपितों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीएसपी अरुण कुमार शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फतेहपुर जिले के खखरेरू क्षेत्र निवासी मोहम्मद फारुक और नईम अख्तर के रूप में हुई है। दोनों ने कौशांबी क्षेत्र के मेडरहा और भैरवां गांव में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते हुए उनकी नाक से सोने की कील नोचकर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी।