जागरण संवाददाता, वाराणसी। वाराणसी खंड शिक्षक से विधानपरिषद सदस्य पद के चुनाव के लिए हुई मतगणना में मंगलवार की देर रात सपा की साइकिल सरपट दौड़ी। 5015 मतों के विशाल अंतर से सपा प्रत्याशी ने भाजपा के डा. प्रमोद मिश्र को पटखनी दी। प्रथम वरीयता के मतगणना के बाद से ही भाजपा प्रत्याशी पिछड़ते चले गए।
द्वितीय वरीयता के मत की गिनती भी कमल को नहीं खिला सका। रणनीति चुनाव कौशल, गांव तक संगठन की सक्रियता तथा दो साल पहले से ही सक्रिय होकर नाम जुड़वाने की पहल सपा की जीत का मुख्य आधार बना। मंडी समिति मतगणना स्थल पर मंगलवार की सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। शाम को चार बजे तक बंडल बनाने का कार्य हुआ और रात नौ बजे से रूझान आने शुरू हो गए थे।