लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। मौसम सर्द होने के साथ ही राम मंदिर की दिनचर्या भी बदलने जा रही है। इससे रामलला के शयन की अवधि तो बढ़ेगी, परंतु दर्शन की अवधि लगभग डेढ़ घंटे तक घट जाएगी। अभी भक्तों को साढ़े 14 घंटे तक रामलला के दर्शन सुलभ हो रहे हैं, तो एक नवंबर से उन्हें 13 घंटे ही दर्शन मिल पाएगा।
ऐसे में प्रदेश व देश के विभिन्न हिस्सों से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को नई दिनचर्या के अनुसार अपने आगमन और दर्शन की योजना बनानी पड़ेगी। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निर्णयानुसार यह बदलाव एक नवंबर की सुबह सात बजे दर्शन प्रारंभ होने पर ही लागू हो जाएंगे।