जागरण संवाददाता, गोरखपुर। उमरा की इबादत के लिए सऊदी अरब के मदीना गए गोरखपुर के 40 जायरीन की घर वापसी का इंतजार लंबा होता जा रहा है। उन्हें 21 अक्टूबर को भारत लौटना था, लेकिन पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित होने से उनकी वापसी की योजना अटक गई है।
निर्धारित समय पर घर नहीं पहुंच पाने से जायरीन के स्वजन भी चिंतित हैं। सभी की निगाहें उड़ानों के दोबारा नियमित संचालन और सुरक्षित वापसी की व्यवस्था पर टिकी हैं।
सऊदी अरब के लिए उड़ानों का संचालन प्रभावित होने से दूसरे शहरों और राज्यों के उमरा यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उड़ानें निरस्त होने या उनके संचालन पर रोक बढ़ने से यात्रियों के सामने स्वदेश लौटने की अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे में गोरखपुर के जायरीनों की वापसी को लेकर भी इंतजार बढ़ता जा रहा है।