जागरण संवाददाता, जम्मू। इस वर्ष करवा चौथ का व्रत 29 अक्टूबर, वीरवार को रखा जाएगा। जो महिलाएं पहली बार इस व्रत की शुरुआत करना चाहती हैं, वे भी विधि-विधान के साथ व्रत रख सकती हैं। केवल इस वर्ष शुक्र के बाल्यत्व के कारण व्रत का उद्यापन, मोख नहीं किया जाएगा।
महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि सनातन धर्म में व्रत-पर्वों का विशेष महत्व है। करवा चौथ सुहागिन महिलाओं के लिए आस्था, समर्पण और दांपत्य प्रेम का प्रतीक है। इस दिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और वैवाहिक जीवन की मंगलकामना के लिए निर्जल उपवास रखती हैं। चंद्र दर्शन और पूजन के बाद व्रत का पारण किया जाता है।