जागरण संवाददाता, धनबाद। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा निम्न दाब भयंकर चक्रवाती तूफान में बदल गया। इसके साथ ही चक्रवात का नामकरण अर्नब के रूप में किया गया। समुद्री चक्रवात का नाम बांग्लादेश ने दिया है।
धनबाद समेत राज्य के अधिकतर हिस्से में अगले कई दिनों तक इसका असर दिख सकता है। मंगलवार को चक्रवात के बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा भी हो सकती है।
उसके बाद 28 से 30 अक्टूबर तक बादल छाए रहने के साथ लगभग सभी स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है। 31 अक्टूबर व एक नवंबर को भी कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है। दो नवंबर से मौसम साफ होगा।