बलवान करिवाल, चंडीगढ़। नगर निगम में अधिकारियों का बार-बार बदलना अब प्रशासनिक व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। स्थिति यह है कि कोई अधिकारी पहले तो निगम में ज्वाइन ही नहीं करना चाहता। कोई आता भी है तो उसे कामकाज और विभागीय प्रक्रिया समझने में ही कई महीने लग जाते हैं।
जब तक वह व्यवस्था को समझकर काम में गति लाने की स्थिति में पहुंचता है, तब तक उसके तबादले या मूल कैडर में वापसी की नौबत आ जाती है। इसका सीधा असर नगर निगम के कामकाज और शहरवासियों की समस्याओं के समाधान पर पड़ रहा है। नगर निगम में ज्वाइंट कमिश्नर के पदों को लेकर भी यही स्थिति सामने आ रही है।