राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को उनके आवास पर होने वाली कैबिनेट बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, औद्योगिक विकास, परिवहन और साइबर सुरक्षा समेत करीब डेढ़ दर्जन से अधिक प्रस्ताव आने की संभावना है।
बैठक में अशासकीय सहायताप्राप्त, वित्तविहीन और संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग के विभिन्न संस्थानों में कार्यरत शिक्षणेत्तर कार्मिकों और उनके आश्रितों को भी यह सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल सकती है। प्रदेश में 1.22 लाख से अधिक शिक्षणेत्तर कर्मचारी हैं।