जागरण संवाददाता, लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार रात पहली बार बोइंग 777 जंबो विमान उतरेगा। सऊदी अरब की सऊदिया एयरलाइंस का बोइंग 777 विमान रात 12:50 बजे 430 यात्रियों के साथ लखनऊ पहुंचेगा।
लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई 2744 मीटर और चौड़ाई 45 मीटर है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत बड़े जंबो बोइंग विमानों के लिए 3500 मीटर लंबे रनवे की जरूरत होती है। इस कारण अब तक बड़े बोइंग 777 श्रेणी के विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर नहीं उतरते थे। पिछले दिनों सऊदी एयरलाइन की टीम ने लखनऊ एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था। मौजूदा रनवे को बोइंग 777 श्रेणी के विमानो की लैंडिंग के लिए रनवे उपयुक्त पाया गया।