डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आज के समय में पानी की हर एक बूंद अनमोल है। इस सच्चाई को समझते हुए केंद्र सरकार की 'जल संचय जन भागीदारी' पहल देश में एक महत्वपूर्ण बदलाव ला रही है।
इस दूरदर्शी अभियान के तहत अब तक 1.55 करोड़ से अधिक कृत्रिम (वाटर रिचार्ज) जल संचयन और भंडारण संरचनाओं का निर्माण किया जा चुका है। यह सिर्फ आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन बचाने का एक अहम अभियान है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस योजना का प्रभाव बेहद सुखद रहा है। जून से दिसंबर 2025 के बीच बारिश के आंकड़ों का उपयोग करते हुए 23 लाख ढांचों के प्रभाव का मूल्यांकन किया गया, जिससे अनुमान है कि इनसे 2.43 अरब घन मीटर भूजल संचयन (ग्राउंडवाटर रिचार्ज) हुआ है।