जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। बाड़ों सिवान में रविवार दोपहर करीब 2.30 बजे गेहूं की बुआई कर रहे किसानों पर बाइक से पहुंचे पड़ोसियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के बाद जमोहरा गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
प्रहलाद यादव (42) पुत्र राजकुमार, रामकेश यादव (34) पुत्र फेंकू, घनश्याम पुत्र रामसुभग और सहसराम पुत्र सुमेर, सभी निवासी जमोहरा, खेत में गेहूं की बुआई कर रहे थे। इसी दौरान अजय यादव, मुरलीधर यादव समेत करीब 15 लोग बाइक से वहां पहुंचे। उन्होंने बाइक कुछ दूरी पर खड़ी की और खेत में जाकर फायरिंग शुरू कर दी।