जागरण संवाददाता,  पानीपत। किशनपुरा चौकी के पास 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए बिचौलिये दीपक के मामले में एसीबी ने अब हवलदार राजू को गिरफ्तार कर लिया है। एंटी क्रप्शन ब्यूरो (एसीबी) इंस्पेक्टर निर्मल सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता की ओर से राजू पर शिकायत बंद करने के नाम पर पैसे लेने के आरोप लगाए गए थे।
जांच में सामने आया कि रिश्वत लेने के मामले में आरोपित दीपक के साथ राजू भी शामिल था। करनाल के नलवी कलां निवासी कलीराम ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी का करीब 10 साल पहले देहांत हो गया था। वह जीवनसाथी की तलाश में दलालों के संपर्क में आया। उनकी मुलाकात पानीपत में एक महिला से कराई गई।