चंद्रभूषण शुक्ल, बलरामपुर। नंद बाबा दुग्ध मिशन योजना के तहत जनपद में पशुपालन का विस्तार किया जा रहा है। पशुपालन के साथ ही दुग्ध उत्पादन कर किसान आत्मनिर्भर बन रहे हैं। विगत तीन वर्षों में 32 पशुपालकों को मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना का लाभ मिला है। यह पशुपालक ऐसे हैं, जो प्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के संकल्प में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें नंद बाबा दुग्ध मिशन सबसे प्रमुख है। इस मिशन का उद्देश्य स्वदेशी गायों का संरक्षण, नस्ल सुधार, दूध उत्पादन में वृद्धि और पशुपालकों की आय बढ़ाना है। मिशन के तहत पशुपालकों को उन्नत नस्ल की गायों के पालन, कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण, चारा प्रबंधन और पशु स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।