जागरण संवाददाता, लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे के तेवर गिरफ्तारी के बाद भी ढीले नहीं हुए। गुरुवार सुबह पुलिस की कार से उतरने के बाद रैंप वाक के शो स्टापर की तरह हाथ हिलाते हुए हजरतगंज कोतवाली में दाखिल हुई। सिविल अस्पताल में मेडिकल के दौरान भी उसके चेहरे पर कोई पछतावा नहीं दिखा।
इसके पहले नागपुर में गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस की गाड़ी में पीछे बैठने से साफ मना कर दिया था। श्रद्धा के इस रुख को देखते हुए सवाल उठ रहे हैं कि आखिर उसके इस अड़ियल रवैये की वजह क्या है? क्या उसे अफसरशाही और राजनीतिक संरक्षण का भरोसा है या पर्दे के पीछे से कोई उसकी मदद कर रहा है? फिलहाल पुलिस उसके मददगारों के बारे में जानकारी जुटा रही है। सबूतों के आधार पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।