जागरण संवाददाता, कन्नौज। कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में जिले को बड़ी सौगात मिली है। जिले को 320 नए चयनित होमगार्ड जवान मिले हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयन प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की आधिकारिक सूची जिला प्रशासन व पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है।
जारी की गई सूची के अनुसार इन 320 नव चयनित जवानों में 256 पुरुष और 64 महिला होमगार्ड शामिल हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, चयनित सभी अभ्यर्थी जिले के ही मूल निवासी हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था और सूचना तंत्र को और मजबूती मिलेगी। वर्तमान में इन सभी नव चयनित जवानों का चरित्र सत्यापन शुरू हो गया है।