रजिया नूर, श्रीनगर। बचपन में बच्चों के शौक भी उन्हीं की तरह मासूम होते हैं। लड़के आमतौर पर क्रिकेट, फुटबाल आदि खेलना पसंद करते हैं, तो लड़कियां गुड्डे-गुड़ियों के साथ खेलती हैं। अलबत्ता, जाहिद रफीक कोटा की पसंद आम बच्चों से बिल्कुल हटकर थी। वह बचपन से ही झीलों, झरनों और पहाड़ियों की तरफ आकर्षित थे। पानी में गोता लगाना और छोटे-बड़े ढलानों पर चढ़ना जाहिद का पसंदीदा खेल था। उम्र बढ़ने के साथ-साथ जाहिद का यह शौक भी बढ़ता गया। जमीन पर बहने वाले झीलों और झरनों के बजाय पहाड़ों में छिपे झरने, जो आबशारों की सूरत में पहाड़ों से नीचे बहते थे, जाहिद के कदम रोक लेते थे।