जागरण संवाददाता, बिजनौर। कृषि विभाग के केंद्रों पर गेहूं व रबी सीजन की अन्य फसलों का बीज पहुंच गया है। किसानों को बीज दिया जाने लगा है। सभी बीजों पर किसानों को हाथोंहाथ 50 प्रतिशत का अनुदान दिया जाएगा। यानी किसानों को निर्धारित दाम की केवल आधी कीमत देनी होगी। चीनी मिल चलने पर गेहूं की बुआई में तेजी आएगी।
रबी सीजन में गेहूं, सरसों, चना, मटर, अलसी आदि की बुआई होती है। गेहूं इनमें सबसे प्रमुख फसल है। जिले में गेहूं का रकबा गन्ने के बाद सबसे अधिक रहता है। लगभग डेढ़ लाख हेक्टेयर भूमि में गन्ने की फसल बोई जाती है। गेहूं की बुआई मुख्य रूप से गन्ने के खेतों के खाली होने के बाद होती है।