जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। दीपावली पर आतिशबाजी का उत्साह कई लोगों के लिए दर्दनाक हादसों में बदल गया। पटाखे जलाने के दौरान हुए हादसों में शहर के चार प्रमुख सरकारी अस्पतालों में 189 लोग झुलसने और 37 लोग आंखों में चोट लगने के बाद उपचार के लिए पहुंचे।
वहीं, पटाखों से गंभीर रूप से घायल सात मरीज पीजीआइ पहुंचे। इनमें चार लोगों के हाथों में पटाखे फटने से गंभीर चोटें आईं, जबकि तीन अन्य मरीज कपड़ों में आग लगने के कारण झुलस गए। पीजीआइ में तीन मरीजों के हाथों का एडवांस्ड ट्रॉमा सेंटर (एटीसी) में ऑपरेशन करना पड़ा। चार सरकारी अस्पतालों में दीपावली के दिन कुल 1450 मरीजों ने उपचार करवाया।