गजेंद्र शर्मा, (खंदौली) आगरा। इतिहास के पन्नों में राजाओं के साम्राज्य भले ही सिमट गए हों, लेकिन उनकी परंपराएं आज भी लोगों की आस्था और विरासत को जीवंत रखे हुए हैं। आगरा जिले के खंदौली ब्लॉक के बमान गांव में चौहान वंश की ऐसी ही ऐतिहासिक परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है।
यहां क्वार की शारदीय नवरात्रि की नवमी पर चौहान वंश के वंशज राजा ज्वाला प्रसाद सिंह परंपरागत रूप से गद्दी पर विराजमान होते हैं। इससे पहले वह नौ दिनों तक व्रत रखकर कुलदेवी आशापूर्णा माई की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं। कुलदेवी के दर्शन और पूजन के बाद गद्दी पर बैठने की परंपरा सदियों से चली आ रही है।