जागरण संवाददाता, कानपुर। डिजिटल लेनदेन के दौर में साइबर ठगी की जांच कारोबारियों और आम खाताधारकों की बड़ी मुसीबत बनती जा रही है।
साइबर अपराध से जुड़ी रकम की कड़ियां तलाशने में पुलिस की कार्रवाई का असर यह है कि खाते में अनजान स्रोत से कुछ रुपये आने पर भी खाता फ्रीज हो जाता है। इससे व्यापारियों के लाखों रुपये के भुगतान अटक रहे हैं और कारोबार प्रभावित हो रहा है।
साइबर क्राइम पुलिस के अनुसार, इस वर्ष एक जनवरी से सितंबर तक शहर के विभिन्न थानों में साइबर ठगी के करीब 255 मुकदमे दर्ज हुए, जिनमें 92 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी हुई। इस दौरान करीब 5500 बैंक खाते फ्रीज कराए गए। इसमें 1.25 करोड़ रुपये फ्रीज हुए और 24 लाख रुपये की बरामदगी हुई।