डिजिटल डेस्क, भोपाल । मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा पर निकल चुके हैं। मंगलवार को उज्जैन से इसकी शुरुआत करने से पूर्व इंदौर में मीडिया से चर्चा में उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि यह उनकी निजी यात्रा है, इससे कांग्रेस का कोई संबंध नहीं है। उधर, कांग्रेस भी स्पष्ट कर चुकी है कि इससे उसका कोई लेना-देना नहीं है।
दिग्विजय सिंह जैसे कद्दावर नेता सड़क पर उतरें और उसके राजनीतिक मायने न हों, कैसे संभव है? फिलहाल दिग्विजय सिंह की कांग्रेस में स्थिति और मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की दशा स्पष्ट करती है कि यात्रा क्यों व्यक्तिगत बताई गई और कांग्रेस नफे-नुकसान का आकलन कर कदम पीछे क्यों हटा रही है?