विनय विश्वकर्मा, मेरठ। असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत के साथ दशहरा पर्व मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। प्रभु श्रीराम ने रावण की नाभि में तीर मारकर अहंकार के प्रतीक दशानन का अंत किया। रामलीला स्थल प्रभु श्रीराम के जयकारों व उद्घोष से गूंजते रहे। महानगर में प्रमुख रूप से सदर भैंसाली मैदान, दिल्ली रोड रामलीला मैदान, सूरजकुंड, रजबन, जेल चुंगी, प्रहलादनगर, तोपखाना, कसेरूखेड़ा, शास्त्रीनगर के-ब्लाक समेत नौ स्थानों पर दशानन के पुतलों का दहन किया गया। सभी स्थानों पर दशहरा मेले का भी आयोजन हुआ।

सदर भैंसाली मैदान में लेजर शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। लगभग बीस मिनट की संक्षिप्त रामलीला का चित्रण लेजर किरणों के माध्यम से पर्दे पर किया गया। लेजर शो के दौरान मैदान की सभी लाइट्स बंद कर दी गई थी, जिसके बाद लेजर किरणों पर दर्शकों की आखें टिकी रही। कैंट विधायक अमित अग्रवाल के सहयोग से लेजर शो को लोगों ने सराहा। लेजर किरणों के साथ रामलीला का अद्भुत व अविस्मरणीय दृश्य लोगों ने अपने मोबाइल में हमेशा के लिए कैद कर दिया।