जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर खरखौदा में तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। इसके बाद पीछे चल रही इको कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इको भी हाईवे पर पलट गई।
हादसे में इको सवार चालक साहब, मोबिन और उनकी भतीजी इशरत की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। स्विफ्ट डिजायर के चालक की हालत भी गंभीर बनी हुई है।