जागरण संवाददाता, परगवाल। जम्मू के सीमावर्ती क्षेत्र परगवाल में लगातार बदल रहे मौसम ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश, तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। अपनी महीनों की मेहनत से तैयार की गई फसल को बर्बाद होते देख किसानों के चेहरे पर मायूसी छाई हुई है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम का यही रुख जारी रहा, तो उनकी बची हुई फसल भी पूरी तरह खराब हो सकती है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने लगा है।