जागरण संवाददाता, आगरा। खेरिया मोड़ ईदगाह रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) शुक्रवार सुबह से 90 दिन के लिए बंद हो जाएगा। पुल की 50 वर्ष की आयु पूरी हो चुकी है। पुल की जर्जर स्थिति को देखते उसका नवनिर्माण किया जा रहा है। इस दौरान वैकल्पिक मार्ग अर्जुन नगर तिराहे से बारह खंभा डबल फाटक मार्ग स्थित रेलवे फाटक होकर वाहनों को निकाला जाएगा।
खेरिया मोड़ ईदगाह आरओबी का निर्माण वर्ष 1970 में किया गया था। पुल में लगे दो स्पान की निर्धारित कोडल आयु 50 वर्ष पूरी हो चुकी है। इसकी जर्जर अवस्था को देखते हुए नवनिर्माण एवं आवश्यक अनुरक्षण कार्य किया जाना जरूरी है। पुल की संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में संभावित दुर्घटना की आशंका को रोकने के लिए उसका नवनिर्माण किया जा रहा है।