सुमन सेमवाल, देहरादून। उत्तराखंड हिमालय के नीचे हर 100 साल में 8.1 तीव्रता के भूकंप के बराबर ऊर्जा जमा होने का अनुमान विज्ञानियों ने लगाया है। इस अध्ययन को 02 अक्टूबर को यूरोपीय भूविज्ञान संघ ने शोध सार के रूप में आनलाइन प्रकाशित किया है।
अध्ययन के अनुसार, भारतीय प्लेट और हिमालय के बीच स्थित मुख्य हिमालयी थ्रस्ट का बड़ा हिस्सा अवरुद्ध है। इससे प्लेटों की गति के कारण पैदा होने वाला तनाव लगातार जमा हो रहा है। हालांकि, इसका अर्थ यह नहीं है कि हर 100 साल में भूकंप आना तय है।