पुष्कर अधिकारी, हल्द्वानी। केंद्र सरकार ने दिव्यांग पेंशन के लिए 80 प्रतिशत दिव्यांगता की सीमा को घटाकर 40 प्रतिशत कर दिया है, लेकिन उत्तराखंड में यह व्यवस्था पहले से ही लागू है। प्रदेश सरकार अभी तक 40 प्रतिशत दिव्यांगता पर पेंशन देती है। मगर, केंद्र के नए नियमों के अनुसार अब जन्म से ही दिव्यांग बच्चों को पेंशन मिलने लगेगी। इस निर्णय से राज्य के हजारों दिव्यांग बच्चों को सीधा आर्थिक संबल मिलेगा।
समाज कल्याण विभाग के सामाजिक सुरक्षा राज्य पोर्टल के वित्तीय वर्ष 2026-27 के आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड में 90,750 दिव्यांग पेंशन का लाभ ले रहे हैं। इनके लिए 81 करोड़ 78 लाख रुपये से अधिक की राशि दर्ज है। जिलेवार आंकड़ों में हरिद्वार 13,818 पेंशनधारकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि ऊधम सिंह नगर 12,909 के साथ दूसरे स्थान पर है।