डिजिटल डेस्‍क, नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर राहतकर के साथ 'श्रमिक पोषण संवाद' कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिला श्रमिकों से सीधा संवाद कर उनका हाल जाना और उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए पोषण किट वितरित कीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं और उनके परिवारों को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने सरकार की प्रमुख पहलों का जिक्र करते हुए बताया कि 'पालना घर', 'अटल कैंटीन', 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' और 'पिंक सहेली कार्ड' जैसी अहम योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को हर स्तर पर संबल प्रदान किया जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम में दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता भी उपस्थित रहीं।