जागरण संवाददाता, रांची। विजयादशमी के अवसर पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान, अरगोड़ा मैदान, टाटीसिलवे में इस बार रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। हालांकि, एचईसी के शालीमार बाजार मैदान में इस वर्ष रावण दहन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
रांची के मोरहाबादी मैदान में पंजाबी हिंदू बिरादरी व अरगोड़ा मैदान में श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति की ओर से रावण दहन किया जाएगा। वहीं शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में विभिन्न समितियों की ओर से रावण दहन का आयोजन किया जाता है। रावण दहन की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। रांची के मोरहाबादी मैदान में हिंदू पंजाबी बिरादरी की ओर से 70 फीट का रावण, 65 फीट का कुंभकर्ण और 60 फीट का मेघनाथ का पुतला दहन किया जाएगा।