जागरण संवाददाता, सिमडेगा। शंख की गूंज, वैदिक मंत्रों का उच्चारण और मां दुर्गा के जयकारों के बीच सिमडेगा में शारदीय नवरात्र का उल्लास छा गया है। कलश स्थापना के साथ ही जिलेभर में मां दुर्गा की आराधना शुरू हो गई। शहर के प्रिंस चौक स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में भी मां के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
यहां नवरात्र केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि छह दशक से चली आ रही आस्था, परंपरा और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को यजमान दीपक पुरी ने सपत्नीक पूजा-अर्चना की। पुरोहित श्याम सुंदर मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनुष्ठान संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में झुकाकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।