जागरण संवाददाता , कानपुर। शारजाह (यूएई) के पास ड्रोन हमले में तबाह हुए पनामा के झंडे वाले तेल टैंकर ‘एमटीजेम नंबर 2’ पर कानपुर निवासी चीफ इंजीनियर नितिन शुक्ला भी सवार थे। ऐन मौके पर उन्होंने आपातकालीन नाव (लाइफबोट) की मदद से वहां से निकलने में सफलता हासिल की है। इसकी जानकारी घटना के दो दिन बाद रविवार की दोपहर बाद पत्नी से बात-चीत में खुद नितिन ने बताई है।

नगर निगम के सेवानिवृत्त निरीक्षक राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि उनका बड़ा बेटा नितिन शुक्ला करीब 20-22 वर्षों से मर्चेंट नेवी में कार्यरत है। उनका जहाज पिछले चार महीनों से होर्मुज क्षेत्र के पास फंसा हुआ था और वहां से आगे की यात्रा की तैयारी में था।