जागरण संवाददाता, उन्नाव। नौ साल पहले की गई गलती को आरोपित फिर से दोहरा रहे हैं। पहली बार आडिट टीम को अभिलेख न देने व अब नोटिस का सात दिन में जवाब न दिए जाने पर जनपद के 38 प्रधान व 28 सचिवों से 2.21 करोड़ रुपये की वसूली लगभग पक्की हो गई है।
ग्राम पंचायत के विकास के लिए नौ साल पहले के कराए गए कार्यों के मूल अभिलेख ऑडिट जांच को नहीं दिए थे। जिला लेखा परीक्षा अधिकारी सहकारी समितियां और पंचायत ने कई बार रिमाइंडर दिए लेकिन इसके बाद भी अभिलेख नहीं मिले थे। इससे 2.21 करोड़ के विकास कार्यों का आडिट नहीं हो पाया था। जिससे इसकी रिपोर्ट शासन तक पहुंची थी।